आगरा। सेवानिवृत्त सीओ के खिलाफ बहू ने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। सदर थाने के विवेचक श्याम सुंदर ने कोई कार्रवाई नहीं की। वह एक मामले में लाइन हाजिर कर दिए गए। बाद में उन्हें बालूगंज चाैकी पर तैनाती मिली। अब फिर से उन्हें ही विवेचना दे दी गई। इससे वो परेशान हैं। इटावा निवासी सेवानिवृत्त सीओ संजीव चौहान बुधवार को पुलिस आयुक्त से मिले। उन्होंने बताया कि बेटे का पत्नी से विवाद चल रहा है। बहू ने थाना सदर में मई 2024 में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था। दूसरे विवेचक ने विवेचना का निस्तारण कर दिया। वादी पक्ष की आपत्ति पर दोबारा विवेचना हुई। तत्कालीन सीओडी चौकी प्रभारी श्याम सुंदर यादव को मिल गई। मगर, एक शिकायत पर उनको लाइन हाजिर कर दिया गया। विवेचना नए चौकी प्रभारी को मिल गई। इसी बीच श्याम सुंदर यादव की तैनाती बालूगंज चौकी पर हो गई। इस पर उनके नाम से केस की विवेचना सीओडी चौकी प्रभारी से हटाकर दी गई। जबकि पूर्व में एसआई श्याम सुंदर यादव ने साढ़े पांच माह तक विवेचना का निस्तारण नहीं किया। उन्हें परेशान किया गया। अब विवेचना कराने के लिए तो थाना ही बदल दिया गया। इससे वो परेशान हैं।