आगरा। थाना एत्माद्दौला पुलिस ने ऑटो में बैठाकर सवारी से बैग लूटने के तीन आरोपियों को मंगलवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। एक आरोपी को पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीपी छत्ता पियूष कांत राय ने बताया कि मंगलवार को सहपऊ, हाथरस निवासी नीरज कार की सर्विस कराने के लिए एजेंसी आए थे। कार को सर्विस सेंटर पर देने के बाद ऑटो से घर लौट रहे थे। ऑटो में पहले से दो लोग सवार थे। रामबाग चौराहे के पास हाथरस रोड पर नीरज उतर गए। तभी ऑटो में सवारों ने बैग छीन लिया। इसके बाद चालक तेजी से ऑटो लेकर भाग गया। बैग में मोबाइल और 4000 रुपये थे। रात में पुलिस ने ऑटो की पहचान होने पर प्रकाश नगर पुलिया के पास आरोपियों को घेर लिया। पुलिस के रोकने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाईं। इसमें कांशीराम आवास, ट्रांस यमुना निवासी इमरान गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर उसके साथी कांशीराम आवास निवासी शानू और फिरोजाबाद निवासी अल्ताफ को गिरफ्तार किया। इमरान को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ऑटो में सवारी बनकर बैठ जाते हैं। सुनसान जगह पर लोगों को उतारने के बाद लूट करते हैं। शानू और इमरान के खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज हुआ था। दोनों जितेंद्र कुशवाहा के गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। इस मामले में अखिल भारत हिंदू महासभा के पूर्व पदाधिकारी संजय जाट, बृजेश भदौरिया और सौरभ शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी उनके साथी हैं।