कासगंज। मौसम के बदलाव से लोग बुखार व अन्य बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। वहीं खेतों में गेहूं की कटाई व मढ़ाई का काम शुरू होने के बाद से श्वांस रोगियों की संख्या में भी वृद्धि होने लगी है। जिला अस्पताल पर श्वांस रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को जिला चिकित्सालय में मरीजों की कतारें चिकित्सकों के कक्ष व दवा काउंटर पर लगी रहीं। एक हजार से अधिक मरीज जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे।श्वांस रोगियों के लिए अप्रैल का माह हमेशा संवेदनशील रहता है क्योंकि गेहूं की कटाई व मढ़ाई के वातावरण में धूल व भूसे के कण उड़ते हैं। खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले श्वांस रोगी इससे परेशान हो जाते हैं और उनकी सांस उखड़ने लगती है। शुक्रवार को 51 श्वांस रोगी जिला अस्पताल पर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। वहीं मौसम के बदलाव और गर्मी के कारण डायरिया के मरीज भी बढ़ रहे हैं। जिला चिकित्सालय पर डायरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है।