जैतपुर की ईदगाह कॉलोनी में खम्भे में उतरे करंट की चपेट में आने से छटपटाते सांड को बचाया
- फोटो : udhampur news
जैतपुर के ईदगाह कॉलोनी का मामला, बचाव के लिए खंभे में पॉलीथिन से की टेपिंग
- समाजसेवी ने लाइन को ठीक करने का 5 दिन का दिया अल्टीमेटम
संवाद न्यूज एजेंसी
बाह। जैतपुर की ईदगाह कॉलाेनी में खींची गई बिजली की लाइन में विभाग की लापरवाही सामने आई है। बुधवार की सुबह खंभे में दौड़े करंट की चपेट में आने से जिंदगी के लिए सांड़ छटपटा रहा था। बस्ती के लोगों ने डंडे से सांड़ को हटाकर उसकी जान बचाई। करंट से बचने के लिए बिजली के खंभों में लोगों ने पॉलीथिन की टेपिंग की है। समाजसेवी कुलदीप भदौरिया ने बिजली विभाग के अधिकारियों से ईदगाह कॉलोनी की लाइन को दुरुस्त किए जाने की मांग करते हुए कहा है कि 5 दिन में लाइन ठीक नहीं हुई तो वह बिजली घर पर धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। एसडीओ जैतपुर विनोद कुमार ने शिकायत पर बिजली विभाग की टीम भेजी और हादसे का कारण बने एक खंभे को दुरुस्त करा दिया। ईदगाह कॉलोनी के मुन्ना खां, चंद बाबू, मक्सूद अली, रेहनुमा, शबाना, नूरी आदि ने नाराजगी जताते हुए समस्या के समाधान की मांग की है।
बंदर की छीना झपटी में छत से गिरकर घायल हुई छात्रा
बाह। फरैरा चौराहा स्थित निजी स्कूल में बुधवार की दोपहर 12.30 बजे बंदर की छीना झपटी के दौरान सहाबरायपुरा की छात्रा नव्या छत से गिर कर घायल हो गई। बाह सीएचसी से उसे इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर किया है। सहाबरायपुरा की नव्या पुत्री इंद्रपाल फरैरा चौराहा स्थित निजी स्कूल में कक्षा 9 की पढ़ाई कर रही है। उसने बताया कि बुधवार की दोपहर मध्य अवकाश में छत पर बने टॉयलेट में वह लघुशंका के लिए गई थी। उसके हाथ में खाने का सामान रखी पॉलीथिन थी। अचानक छत पर आया बंदर पॉलीथिन को छीनने लगा। इस दौरान हुई छीना झपटी में बंदर ने घुड़की दी और धक्का मार दिया, जिससे वह छत से गिर कर घायल हो गई। उसके सिर और पैर में चोट लगी है। संवाद