कासगंज गंजडुंडवारा के कादरगंज गंगाघाट पर लापता युवकों की तलाश करती पीएसी फ्लड यूनिट
- फोटो : KASGANJ
स्नान के दौरान गंगानदी में डूबे तीन श्रद्धालुओं की तलाश जारी रही। पीएसी की फ्लड यूनिट के जवानों और निजी गोताखोरों ने लापता लोगों की तलाश में 10 किलोमीटर तक रेसक्यू ऑपरेशन चलाया है। फर्रुखाबाद जिले के कंपिल तक गंगानदी में लगातार ऑपरेशन जारी है। हालांकि अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है। अधिकारी इस ऑपरेशन की निगरानी में जुटे हैं।
शनिवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर कादरगंज गंगाघाट और सहवाजपुर गंगाघाट पर 8 श्रद्धालु डूबे थे। इनमें से 5 को तो गोताखोरों ने बाहर निकाल लिया लेकिन तीन लापता हैं। लापता श्रद्धालु गोविंद, अनुज और प्रशांत की तलाश में पीएसपी फ्लड यूनिट के जवान और निजी गोताखोरों की 6 टीमें तलाश में जुटी हुई हैं लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। लापता लोगों की तलाश में 10 किलोमीटर तक रेसक्यू ऑपरेशन चलाया गया है। पीएसी और गोताखोरों की टीमों ने 10 किलोमीटर का दायरा निर्धारित कर तलाश की। बांस बल्लियों से पानी की गहराई तक तलाश की है। वहीं रस्सियां डालकर भी गोताखोर तलाश में जुटे हैं। एसपी मनोज सोनकर इस रेसक्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सीओ पटियाली को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं इस ऑपरेशन पर नजर बनाए रखें। इधर कादरगंजघाट के अलावा सहवाजपुर घाट पर भी पीएसी और गोताखोरों की टीमें लगी हुई हैं।
वर्जन-
- लापता हुए श्रद्धालुओं की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। अभी तक लापता लोगों को कुछ पता नहीं चला है। सभी टीमें अभियान चला रही हैं। कासगंज से फर्रुखाबाद जिले की सीमा तक 10 किलोमीटर के दायरे में रेसक्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। - मनोज सोनकर, एसपी।