राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक में पहुंचे भाजपा अध्यक्ष के सामने प्रचारकों ने भाजपा के सांसदों का रिपोर्ड कार्ड पेश किया। इतना ही नहीं उन्होंने अपने क्षेत्र में काम न करने वाले सांसदों की सूची भी सौंप दी है। ऐसे में ये समन्वय बैठक सरकार को आईना दिखाने वाली रही।
बताया गया है कि संघ की बैठक में जनता से किए कितने वादे पूरे हुए और लोगों के बीच उनकी स्थिति क्या है सभी बिंदुओं पर सिलसिलेवार ब्योरा रखा गया है। प्रचारकों ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, गोवा और छत्तीसगढ़ समेत सभी भाजपा शासित राज्यों के सांसद और विधायकों के बारे में रिपोर्ट पेश की।
प्रचारकों ने वह सांसद भी गिनाए जो अपने वादों को पूरा नहीं कर सके हैं, संगठन के लोगों को महत्व नहीं देते हैं। संगठन की बैठक में बुलाने पर भी विधायक और सांसद नहीं जाते हैं। भाजपा मुख्यालय पर जनसमस्याओं के निस्तारण को कैंप नहीं लगा रहे हैं, इससे जनता परेशान है। ऐसे सांसदों के बारे में भाजपा अध्यक्ष को रिपोर्ट दी गई है।