कासगंज। पटियाली के सनौड़ी रोड गंगपुर पर अवैध रूप से संचालित मिले पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब मामले की जांच कर रही है। आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप से मिलावटी डीजल पेट्रोल बिक्री किए जाने की सूचना मिलने के बाद 16 दिसंबर को पेट्रोल पंप की जांच की थी। संचालक से आवश्यक कागज मांगे गए, लेकिन संचालक डीएम की एनओसी, डीएसओ एनओसी, अग्निशमन का लाइसेंस, कंपनी का लाइसेंस आदि किसी प्रकार के कागज नहीं दिखा सका।
इसके बाद आपूर्ति निरीक्षक ने पेट्रोल पंप को सील कर दिया था। आपूर्ति निरीक्षक ने मामले की रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेज दी थी। जिला पूर्ति अधिकारी ने अवैध रूप से पेट्रोल पंप के संचालन पर डीएम से प्राथमिकी दर्ज कराने की अनुमति मांगी। डीएम की अनुमति के बाद संचालक सत्यभान वार्ष्णेय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसओ केएन सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था। आपूर्ति निरीक्षक ने पटियाली थाने में संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। संवाद