झूला संचालक के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
- करंट लगने से मासूम की मौत का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भोगांव। मोहल्ला भीम नगर निवासी मासूम बच्ची की झूले के पास खुले पड़े बिजली के तार की चपेट में आकर मौत के मामले में झूला संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें झूला संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हादसे का जिम्मेदार बताया है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान में मेला खत्म होने के बाद भी बिना अनुमति संचालित हो रहे झूलों के पास बिजली के खुले तार पड़े हुए थे। बृहस्पतिवार की शाम मोहल्ला भीम नगर निवासी 6 वर्षीय आरोही तारों में उलझ गई और करंट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद झूला संचालक बच्ची का शव घटनास्थल से दूर रख कर भाग गए थे। परिजन ने कार्रवाई की मांग को लेकर तीन घंटे तक शव को नहीं उठने दिया था। मृतका के पिता नीरज कुमार एक झूला संचालक भूरे खान निवासी करहल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।