पटियाली। जमीन बेचने के मामले में धोखाधड़ी करने पर पीड़ित ने कोर्ट के आदेश से सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्षेत्र के बरेठी गांव निवासी शिवदयाल (59) ने बताया कि उसके भाई तेज सिंह ने 28 अगस्त 2011 को गंजडुंडवारा क्षेत्र के पूर्व थोक मोहल्ला निवासी मोहम्मद शोएब से एक जमीन खरीदी थी। बाद में रुपये के लालच में आकर इस जमीन को मोहम्मद शोएब ने 25 नवंबर 2022 को दोबारा से फतहपुर कला, कासगंज निवासी रजनेश, ग्राम जमालपुर सहावर निवासी रामवीर, सेउडी पोस्ट नगला धीर, एका सोनई, फिरोजाबाद निवासी पवन कुमार, गली तैलियान चौक, मोहल्ला मोहन, कासगंज निवासी यश शर्मा, ग्राम उढे़र पुख्ता, सोरोंजी निवासी कमल उपाध्याय, फतेहपुर, सोरोंजी निवासी शिवकांत पाठक को बैनामा कर दिया। जमीन बेचने की जानकारी होने पर वह जमीन बेचने और खरीदने वालों को मना किया, लेकिन दोनों पक्षों ने उसकी एक न सुनी और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। शिवदयाल का आरोप है कि मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने भी कोई सुनवाई नहीं की। इस पर पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने थाने में धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की। मंगलवार को दर्ज मामले में पुलिस ने सात लोगों को नामजद किया है। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।