आगरा। ईदगाह-खेरिया आरओबी को 90 दिन के लिए बंद किए जाने से यातायात प्रभावित होने और जाम की समस्या को देखते हुए क्षेत्रीय लोगों ने अर्जुन नगर में प्रदर्शन करके वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त कराने की मांग उठाई। विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।
अजीत नगर बाजार कमेटी के अध्यक्ष राजेश यादव ने डीएम और एसपी ट्रैफिक को प्रार्थना पत्र देकर रेलवे फाटक संख्या 71 के आसपास सड़क सुधारने और जरूरत के अनुसार डिवाइडर बनवाने की मांग की। अर्जुन नगर से नगला छउआ तक और फाटक संख्या 77 से सदर बाजार तक अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अकोला-जगनेर रोड से प्रतिदिन 20 से 25 हजार वाहनों का आवागमन है। इतने वाहनों का बारह खंभा मार्ग से निकलना मुश्किल है। प्रदर्शन करने वालों में मनीष खट्टरपाल, रोहित गुप्ता, सुधीर कुमार, मकबूल अहमद, मनोज गुप्ता, दिनेश अरोड़ा, दिग्विजय सिंह, कन्हैया राय, ललित शर्मा, जितेंद्र कुशवाह, गोपाल वर्मा, अजय मोटवानी, अंजलि और अशोक कुमार मौजूद रहे।