आगरा में सिकंदरा से गुरुद्वारा गुरु का ताल तक हाईवे की एक लेन कई जगह पानी में डूब गई है। इससे रविवार को मरम्मत और नवीनीकरण के काम पर ब्रेक लग गया। तीन दिन से मशीनें हाईवे पर खड़ी हैं। जहां पानी भरा है, वहां बैरिकेडिंग कर दी गई है। रविवार रात बारिश ने हालात और खराब कर दिए।
बारिश से एक तरफ हाईवे का काम बंद पड़ा है। दूसरी तरफ मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत आगरा फोर्ट के सामने चल रहा सुरंग खोदाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है। पानी व सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई बंद हो गई है। इधर, महीनेभर से खोदी पड़ी सड़कों की मरम्मत टल गई है। अब सड़कों को गड्ढों से मुक्ति बरसात के बाद ही मिल सकेगी।
पंपों से होगी पानी की निकासी
मेट्रो प्रोजेक्ट के डायरेक्टर अरविंद राय ने बताया कि बारिश खोदाई वाले स्थानों पर कुछ परेशानी हो रही है। पानी की निकासी के लिए पंप लगाए जा रहे हैं। जल निगम के अधिशासी अभियंता महेश गौतम का कहना है कि बरसात में गहरी खोदाई के कार्य नहीं किए जाते।