झोलाछाप पर कार्रवाई करने वाले एसीएमओ हटाए
-नियम विरुद्ध डॉक्टर को दिया गया झोलाछाप के नोडल अधिकारी का चार्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। स्वास्थ्य विभाग में लगातार बिना पंजीकरण अस्पताल संचालन के मामले सामने आ रहे थे। इसमें नोडल अधिकारी झोलाछाप एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने लगातार आधा दर्जन अस्पताल संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ कई अन्य को नोटिस जारी किए थे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें नोडल अधिकारी के पद से ही हटा दिया। वहीं नियम विरुद्ध तरीके से चिकित्साधिकारी को नोडल अधिकारी झोलाछाप बना दिया।
स्वास्थ्य विभाग की सह पर जिले में बड़ी संख्या में अवैध रूप से बिना पंजीकरण के स्वास्थय केंद्रों का संचालन हो रहा है। झोलाछाप भी मनमाने तरीके से उपचार देते हुए नजर आ रहे हैं। पिछले एक महीने से नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार द्वारा अवैध क्लीनिकों और झोलाछापों पर कार्रवाई की जा रही थी। उनके द्वारा थाना दन्नाहार, थाना बरनाहल में अवैध क्लीनिक संचालित करने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं कुरावली और कोतवाली में भी एफआईआर कराने के लिए तहरीर दी गई। एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बिना पंजीकरण के संचालित क्लीनिक और झोलाछापों पर कार्रवाई की तो रसूखदारों ने उन्हें संबंधित जिम्मेदारी से ही हटवा दिया गया।
सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने नियम विरुद्ध तरीके से कुरावली में तैनात लेवल टू डॉक्टर डॉ. अजय कुमार को झोलाछापों का नोडल अधिकारी बनाया गया है। जबकि एसीएमओ और डिप्टी सीएमओ से नीचे रैंक का अधिकारी नोडल अधिकारी नहीं बनाया जा सकता।
विभाग में पटल देख रहे बाबू के रसूख की चल रही चर्चाएं
स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों निजी क्लीनिक पंजीकरण और झोलाछाप का पटल देख रहे बाबू के रसूख की चर्चाएं जारी हैं। पूर्व में पटल देख रहे बाबू पर आय से अधिक संपत्ति आदि के आरोप भी लग चुके हैं। एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार को हटवाने के मामले में भी संबंधित पटल सहायक का ही प्रभाव बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानें तो पटल प्रभारी के अवैध क्लीनिक संचालित करने वालों से संबंध हैं। एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार पर पटल सहायक का दबाव चला नहीं तो उसने उन्हें जिम्मेदारी से ही हटवा दिया।
डॉ. राकेश कुमार अवैध क्लीनिक और झोलाछापों के मामलों को सही से नहीं देख पा रहे थे। इसलिए डॉ. अजय कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें विभागीय प्रक्रिया का पालन किया गया है।
डॉ. आरसी गुप्ता, सीएमओ