आगरा। भारतीय टीम के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर सदानंद विश्वनाथ ने 1985 की ऐतिहासिक बेंसन एंड हेजेस वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतने की 41वीं वर्षगांठ पर उस दौर की यादें ताजा कीं। उन्होंने अपने आगरा प्रवास के दौरान बने मित्रों के साथ उस टूर्नामेंट की तस्वीरें और अनुभव साझा किए।
10 मार्च को ऐतिहासिक उपलब्धि के 41 वर्ष पूरे होने पर विश्वनाथ ने अपने पुराने साथियों और मित्रों से उस दौर के सुनहरे पलों को याद किया। उन्होंने 1985 की चैंपियन टीम से जुड़े कई दुर्लभ फोटो और यादें साझा कीं, जिससे उस समय के रोमांचक क्षण एक बार फिर जीवंत हो उठे।
विश्वनाथ के आगरा प्रवास के दौरान बने मित्रों में सेंट पीटर्स कॉलेज पूर्व छात्र एसोसिएशन के सचिव पराग गौतम भी शामिल हैं। पराग गौतम ने बताया कि विश्वनाथ से समय-समय पर बातें होती रहती हैं और जब भी 1985 की ऐतिहासिक जीत की चर्चा होती है तो वह दौर फिर से आंखों के सामने ताजा हो जाता है।
उन्होंने बताया कि विश्वनाथ बेहद सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। आगरा प्रवास के दौरान बने रिश्तों को उन्होंने आज भी संजोकर रखा है। इस वर्षगांठ पर साझा की गई तस्वीरों ने उस ऐतिहासिक उपलब्धि की यादें फिर से ताजा कर दीं।
क्रिकेट इतिहास में 1985 की वह जीत भारतीय क्रिकेट के स्वर्णिम अध्यायों में शामिल है। उस टीम के सदस्य रहे सदानंद विश्वनाथ के लिए यह उपलब्धि आज भी गर्व और भावनाओं से जुड़ी हुई है, जिसे वे अपने मित्रों और प्रशंसकों के साथ साझा करते रहते हैं।