लूटपाट के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नयापुरा खंडेर के एक परिवार ने अपने ही रिश्तेदारों पर घर में घुसकर बंधक बनाने, फायरिंग कर दहशत फैलाने और 12 लाख रुपये की लूटने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार की सूचना पर फतेहाबाद पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस शुरुआती जांच में मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है।
नयापुरा खंडेर निवासी पीड़ित मोहन सिंह पुत्र मानसिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि रविवार रात 1.30 बजे करीब 9 से 10 बदमाश दीवार फांदकर उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने मोहन सिंह और उनकी पत्नी हीरा देवी को बंधक बना लिया। कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे 12 लाख रुपये ले लिए। विरोध करने पर दंपती के साथ हाथापाई की, जिससे उनके शरीर पर नाखूनों के निशान आए हैं। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। मोहन सिंह के मुताबिक, घटना को अंजाम देने वालों में परिवार के ही दो लोग शामिल थे, जिन्हें उन्होंने पहचान लिया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा है। पुलिस को शक है कि जमीन की रंजिश में मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश की गई है। पुलिस अब पीड़ित के घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चैक कर रही है।
नयापुरा में हुई चोरी की घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पीड़ित और आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं। उनके बीच पुराना जमीन का विवाद चल रहा है। घटना के सभी बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी।-अभिषेक अग्रवाल, डीसीपी