आगरा के खेरागढ़ में रिश्तेदार युवक की करतूतों का शिकार हुई बालिका सोमवार को बदहवास हालत में जंगल से बरामद हुई। जिसे उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए पुलिस ने आगरा भेज दिया। वहीं घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी को जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के एक गांव की मासूम बालिका को रविवार की शाम घर के बाहर से एक रिश्तेदार युवक बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर लेकर चला गया था। देर शाम तक बालिका के नहीं मिलने से परेशान परिजन खोजबीन में जुटे। इस दौरान बालिका के कपड़े स्कूल के समीप मिले। इस पर लोगों ने आरोपी रिश्तेदार को पकड़ा।
उसके बयान के आधार पर घरवालों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घटना की खबर लगते ही एसपीआरए अखिलेश नारायण भी पहुंचे। उन्होंने भी आरोपी युवक से पूछताछ की। साथ ही फोर्स के साथ बालिका की खोजबीन में कांबिंग शुरू कराई। सुबह होते ही पुलिस ने फिर से सर्च आपरेशन शुरू किया। इस दौरान पुलिस ने बच्ची को जंगल से रोते हुए बदहवास हालत में बरामद किया।
मासूम बालिका पूरी रात ठंड में ठिठुरती रही। हादसे के सहमी बालिका कुछ भी बोल नहीं पा रही थी। पुलिस ने उसे उपचार व मेडिकल परीक्षण के लिए आगरा भेज दिया है। वहीं आरोपी को पॉस्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओें में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है। इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बच्ची रात भर ठंड में पड़ी रही। इसलिए उसकी हालत ठीक नहीं दिख रही थी। उसे इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।