पीड़िता की मां ने बताया कि गौतम नगर निवासी परवेज काफी समय से उनकी बड़ी बेटी को परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह रास्ते में आते-जाते छेड़छाड़ करता था। बेटी पर जबरन शादी का दबाव भी बना रहा था। परिवार द्वारा कई बार विरोध करने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसकी शिकायत पुलिस से की गई तो उन्होंने उल्टा फटकारकर भगा दिया।
मंगलवार रात करीब 9 बजे आरोपी परवेज अपने पिता आइया उस्ताद मोहम्मद जाहिर और मां गुड्डी के साथ उनके घर आया। उस समय वह घर से बाहर गई हुई थीं और बेटी घर पर अकेली थी। आरोपी जबरन शादी कराने का दबाव बनाने लगा। परिजन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि रात करीब 10 बजे परवेज दोबारा घर आया और युवती को जबरन बाल पकड़कर घसीटते हुए ले जाने लगा।
इस दौरान युवती की छोटी बहन ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माना और युवती को घसीटते हुए बाहर तक ले गया। पीड़िता और उसका परिवार बेबस होकर चीखता-चिल्लाता रहा। घटना का वीडियो आसपास के लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरोप है कि पुलिस ने जबरन तहरीर अपने हिसाब से लिखवाई और मामूली धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता पक्ष की तहरीर पर आरोपी परवेज समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।