आगरा। ग्रेटर आगरा स्थित नर्मदापुरम और गंगापुरम टाउनशिप में 1628 भूखंडों के लिए बुधवार को पंजीकरण का अंतिम दिन है। 908 आवेदन आ चुके हैं और ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। विकास प्राधिकरण ने रहनकलां और रायपुर में 450 हेक्टेयर में ग्रेटर आगरा विकसित किया है। दस टाउनशिप में यहां करीब 4500 भूखंड होंगे। पहले चरण में एडीए ने सिर्फ गंगापुरम और नर्मदापुरम में 1628 भूखंड बिक्री के लिए रखे हैं। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि 33 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर भूखंड की दर है। पंजीकरण के समय भूखंड मूल्य की दस प्रतिशत राशि जमा करानी होगी। पंजीकरण बंद होने के बाद प्राप्त आवेदनों की जांच होगी। जांच के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। भूखंडों का आवंटन लकी ड्रॉ से किया जाएगा। ब्यूरो