भइया, लाल-हरे के चक्कर में न पड़ो... ये तो ऐसे ही चलेगा.... पुलिस की चिंता मत करो, हर महीने पुलिस चौकी में पैसा देते हैं... देहात का ऑटो शहर में कोई नहीं रोकेगा.... यह दावा है शहर में देहात रूट का ऑटो चला रहे चालक का। भोगीपुरा चौराहा पर अमर उजाला टीम ने उससे बातचीत की रिकॉर्डिंग की।
उसने बताया कि वह अकेला नहीं है, बिजलीघर, वॉटरवर्क्स, सिकंदरा कहीं देख लो, सब जगह लाल ऑटो चल रहे हैं। रिपोर्टर ने उससे पूछा कि लाल रंग के ऑटो जाएंगे तो कहीं पुलिस न पकड़ ले, ये देहात के लिए है।
मैं ठेकेदार को, ठेकेदार पुलिस को देता है
रिपोर्टर : भइया, तुम्हारे ऑटो का चालान तो नहीं कटेगा?
चालक : आप चिंता मत करो, चौकी पर पैसा जाता है।
रिपोर्टर : ऐसे कैसे? पुलिसवाले तुम से रोज पैसा लेते हैं क्या ?
चालक : नहीं, रोज नहीं, महीना जाता है, मैं नहीं, ठेकेदार देता हैं, मैं उसे देता हूं।
रिपोर्टर : मतलब हर महीने 100, 200 रुपये पुलिस के अलग से निकालते हो।
चालक : 100, 200 में क्या होता है, 800 से 1000 तक देने पड़ते हैं।
रिपोर्टर : लाल ऑटो कहां तक आ सकते हैं?
चालक : पृथ्वीनाथ फाटक पुलिस चौकी तक ही आ सकते हैं।
रिपोर्टर : इस चौराहे से कितने लाल ऑटो चलते हैं?
चालक : 15-20 ऑटो चलते हैं।
बोत्रे, रोहन प्रमोद, एसपी सिटी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिसकर्मियों को निर्देशित करेंगे : एसपी ट्रैफिक
सवाल : भोगीपुरा चौराहे से लाल रंग के ऑटो चल रहे हैं?
जवाब : देहात परमिट के ऑटो चल रहे हैं तो कार्रवाई कराएंगे।
सवाल : चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस भी रहती है?
जवाब : पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया जाएगा। इन ऑटो को सीज कराया जाएगा। - प्रशांत कुमार, एसपी ट्रैफिक
मैं खुद जाऊंगा चेकिंग के लिए : एसपी सिटी
सवाल : भोगीपुरा चौराहे पर धड़ल्ले से देहात परमिट के ऑटो आ रहे हैं? कार्रवाई क्यों नहीं होती है?
जवाब : मैं खुद जाकर चेक करूंगा। अगर, ऐसा है तो कार्रवाई की जाएगी।
सवाल : हमने स्टिंग किया है, चालक कह रहा है कि देहात के ऑटो पुलिस को पैसा देकर चल रहे हैं।
जवाब : इस मामले में जांच कराई जाएगी । अगर, रुपये लेने की बात सामने आती है तो कार्रवाई करेंगे। - बोत्रे रोहन प्रमोद, एसपी सिटी
पहले भी सौंपी थी 25 ऑटो की लिस्ट
भोगीपुरा से लाल रंग के देहात परमिट के ऑटो के सवारियां भरने की शिकायत दो दिन पहले निजी बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसएसपी बबलू कुमार से की थी। यह भी आरोप लगाया था कि पुलिस की सांठगांठ से लाल रंग के ऑटो को शहर में प्रवेश दिया जा रहा है। कुछ पुलिसकर्मी भी अपने ऑटो चलवा रहे हैं। 25 ऑटो के नंबर की लिस्ट भी सौंपी थी। इस मामले में एसएसपी ने जांच की बात कही थी।
चौराहों पर लगता है जाम
देहात के ऑटो शहर में आते हैं तो ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ जाती है। शहर के ऑटो तो चल ही रहे हैं। देहात के ऑटो बिजलीघर, वॉटरवर्क्स, सिकंदरा में ज्यादा हैं। यहीं पर ट्रैफिक जाम की समस्या भी ज्यादा है।