मैनपुरी। बुढ़वा मंगल पर शहर के हनुमान मंदिरों में संकटमोचन की आराधना की गई। सुबह से शाम तक मंदिरों में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते रहे, वहीं सुंदरकांड का पाठ कर शाम को आरती हुई। शहर में कई मंदिरों पर भंडारों का भी आयोजन किया गया। वहीं कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुढ़वा मंगल पूर्ण श्रद्धभाव के साथ मनाया गया।
मंगलवार को शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई थी। बुढ़वा मंगल के चलते दिन भर मंदिरों में पूजा अर्चना का दौर चलता रहा। शहर के सौतियाना स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने सुबह हनुमान चालीस का पाठ कर बजरंगबली की आरती उतारी।
शहर के कचहरी रोड स्थित दुर्गा मंदिर में भी दिन भर पूजा अर्चना के बाद शाम को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके अलावा शहर के आगरा रोड स्थित हनुमान मंदिर, गढिय़ा हनुमान मंदिर, औड़ेन्य मंडल स्थित हनुमान मंदिर, करहल रोड स्थित पवनसुत मंदिरों में भी हनुमान जी की पूजा अर्चना कर भोग लगाया गया।
बेवर के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर बनकिया, रोडवेज बस स्टैंड मंदिर, रामबाग मंदिर, पुराना बाजार स्थित हनुमान शिव मंदिर समेत कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। सुबह से देर शाम तक जगह जगह धार्मिक अनुष्ठान होते रहे। वहीं कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा व सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी कराया।
वहीं कुसमरा में बुढ़वा मंगल के लिए मंदिरों को सजाया गया। सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना का दौर शुरू हो गया। पुलिस चौकी के पास स्थित हनुमान मंदिर, बस स्टैंड स्थित मंदिर, चरी मेला स्थित मंदिर, नुनारी तिराहा स्थित हनुमान मंदिर व रामनगर रोड स्थित गोपाल आश्रम हनुमान मंदिर सहित दर्जनों मंदिरों पर हवन पूजन के साथ सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
इसके बाद हुए भंडारों में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में प्रहलाद सिंह सिसौदिया, आलोक अग्निहोत्री, बॉबी सिसौदिया, सौरभ मिश्रा, अमन कश्यप, राधाकृष्ण स्वर्णकार, विपिन मिश्रा, डॉ. अतुल पांडेय, राकेश तिवारी, पंकज गुप्ता, कमल सविता, पवन तिवारी, नीरज दुबे, मनोज मिश्रा, लायक सिंह यादव, सुधीर सक्सेना आदि मौजूद रहे।
करहल में भी मंदिरों में आस्था और श्रद्धा का नजारा देखने को मिला। बुढ़वा मंगल पर लोगों ने अपने आराध्य भगवान हनुमान जी की पूजा अर्चना कर कष्टों को हरने की प्रार्थना की। मंदिरों में शाम को भजन कीर्तन का आयोजन भी हुआ।