मैनपुरी। लॉकडाउन में आखिरी व्यक्ति तक राशन पहुंचाने के लिए पूर्ति विभाग लगा हुआ है। अप्रैल माह में दो बार राशन वितरण पूर्ण हो चुका है। वहीं 14 हजार परिवार ऐसे सामने आए हैं, जिन्होंने नि:शुल्क राशन नहीं लिया। सरकार द्वारा अब हर व्यक्ति को पात्र गृहस्थी राशनकार्ड के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में 2.98 लाख राशन कार्डधारकों को अप्रैल में नि:शुल्क चावल के अलावा गेहूं भी उपलब्ध कराया गया। माह में दो बार इसका वितरण कराया गया है। एक मई से दोबारा वितरण शुरू होना है। ऐसे में जब पूर्ति विभाग ने वितरण की समीक्षा की तो पता चला कि जिले के 14 हजार 289 परिवारों ने नि:शुल्क राशन नहीं लिया। इनमें से अधिकांश लोग ऐसे पाए गए जो खुद सक्षम हैं। पूर्ति विभाग ने ऐसे लोगों का आभार जताया। साथ ही अन्य लोगों से भी आगे आने की अपील की है।
पूर्ति विभाग पर एक नजर
- 2.98 लाख कुल राशन कार्डधारक
- 45894 अंत्योदय राशन कार्डधारक
- 11.20 लाख कुल यूनिट
- 14 हजार परिवारों ने नहीं लिया राशन
प्रयासरत है विभाग
14 हजार सक्षम परिवारों ने नि:शुल्क राशन नहीं लिया है। इन लोगों से अन्य लोगों को भी सीख लेनी चाहिए। लॉकडाउन की घड़ी में गरीबों तक अन्न पहुंचे। इसके लिए विभाग प्रयासरत है। - यूआर खान, जिला पूर्ति अधिकारी।