कासगंज में कासगंज विकास मंच की ओर से निर्दलीय प्रत्याशी बनीं रतनेश शाक्य और उनके पति पत्रकारों स?
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिला पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए जोड़ तोड़ का क्रम शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के घोषित प्रत्याशी समर्थ यादव को चुनौती देने के लिए कासगंज विकास मंच के नाम से गठबंधन बना है। इस गठबंधन के माध्यम से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में वार्ड नंबर 12 की बसपा की जिला पंचायत सदस्य रतनेश कुमारी कश्यप ने अपने पति वासुदेव बौबी कश्यप के साथ प्रेस कांफ्रेंस करके यह दावा किया है।
जिले की जिला पंचायत में कुल 23 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। रतनेश कश्यप ने 16 सदस्यों के उनके साथ होने का दावा किया है। उनके इस दावे में कितनी दम है ये तो समय आने पर पता चलेगा, लेकिन सपा प्रत्याशी को चुनौती देने के लिए भाजपा, बसपा के जिला पंचायत सदस्यों के अलावा निर्दलीय सदस्यों ने यह गठबंधन तैयार किया है। इस गठबंधन के 13 सदस्यों के एक साथ होने की फोटो भाजपा नेताओं के साथ पूर्व में सोशल मीडिया पर वायरल भी हो चुकी है। रतनेश कश्यप का कहना है कि कई दलों के जिला पंचायत सदस्यों का उन्हें समर्थन प्राप्त है। सभी ने मिलकर उन्हें प्रत्याशी बनाया है। इस वार्ता के दौरान जिला पंचायत सदस्यों के नाम गोपनीय रखे गए उन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया।