विकास खंड मैनपुरी की ग्राम पंचायत टिंडौली में संचालित राशन की दुकान निरस्त हो गई। प्रधानपति द्वारा राशन की दुकान के संचालन के आरोप में ये कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी के अुनमोदन के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने दुकान के निरस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया।
ग्राम पंचायत टिंडौली में राशन दुकान का संचालन राजवीर कर रहा था। तीन माह पूर्व शिकायत आई थी कि प्रधानपति द्वारा राशन की दुकान का संचालन किया जा रहा है। जिलाधिकारी के आदेश पर उप जिलाधिकारी सदर ने जांच कराई थी तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद जिला पूर्ति अधिकारी मो. क्यामुद्दीन अंसारी ने दुकान को चार फरवरी को निलंबित कर दिया था। ग्रामीणों को राशन वितरण के लिए रठेरा की राशन की दुकान पर संबद्ध किया गया था।
ये की गई थी शिकायत टिंडौली निवासी सौरभ चौहान, धर्मेंद्र चौहान और राकेश यादव ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। इसमें कहा था कि सीमा यादव वर्तमान में टिंडौली की ग्राम प्रधान हैं। वहीं उनके पति राजवीर द्वारा राशन की दुकान का संचालन किया जा रहा है। जांच में प्रथमदृष्टया शिकायत सही पाई गई थी।
ग्राम प्रधान या उसका कोई संबंधी राशन की दुकान का संचालन नहीं कर सकता है। शिकायत पर हुई जांच के बाद जिलाधिकारी के अनुमोदन पर राशन की दुकान निरस्त कर दी गई है। - मो. क्यामुद्दीन अंसारी, जिला पूर्ति अधिकारी