कासगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत पर शौच करने गई युवती से गांव के ही आरोपी ने दुष्कर्म किया। मामले में युवती की मां ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने युवती का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। वहीं पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही है। क्षेत्र के एक गांव में 23 जुलाई को युवती अपने घर से खेत की तरफ शौच करने गई हुई थी। वापस लौटते समय गांव का ही भूपाल युवती को हाथ पकड़कर मक्का के खेत में खींच ले गया। यहां उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने अपने बचाव के लिए चीख पुकार मचा दी। चीख पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर आ गए। आरोपी युवती को गाली गलौज जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। युवती ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन युवती को थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। युवती का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। थाना प्रभारी हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि युवती की मां की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। युवती के बयान न्यायालय के समक्ष दर्ज कराए जाएंगे।