बेवर। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक शराबी ने आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर छोटे भाई को बांध कर डाल दिया। बच्ची की चीख पुकार सुनकर जब लोग जमा हुए तो आरोपी भाग गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाने में तहरीर दी। इसमें बताया कि रविवार दोपहर वह अपनी आठ वर्षीय नातिन के साथ घास लेने मझोला नहर के पास गई थीं। वह घास काट रही थी। तभी नशे में धुत आरोपी संजू वहां आया और आठ वर्षीय बालिका व उसके छोटे भाई को पकड़ कर ले गया। लड़के को बांधने के बाद नहर किनारे पतेल में डाल दिया।
साथ ही बच्ची को झाड़ियों में लेजाकर दुष्कर्म की कोशिश की। उसकी चीख पुकार सुनकर वहां खेल रहे बच्चों ने अन्य लोगों को जानकारी दी। लोगों के आने पर आरोपी वहां से भाग गया। बुधवार को थाने पहुंची महिला ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।
-जसवीर सिंह सिरोही, प्रभारी निरीक्षक