कुरावली (मैनपुरी)। शुक्रवार की शाम कुर्ता सिलाने गई एक किशोरी अचानक गायब हो गई। शनिवार की सुबह वह गांव के पास एक प्लॉट में बेहोशी की हालत में मिली। होश आने पर बताया कि चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर बांधकर झाड़ियों में फेंक गए। मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। आनन फानन में पुलिस ने नामजद युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी शुक्रवार की शाम करीब चार बजे घर से निकली। वह करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक टेलर की दुकान पर कुर्ता सिलवाने गई थी। काफी देर बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजन अनहोनी की आशंका से भयभीत हो गए। किशोरी की तलाश शुरू की गई लेकिन कोई पता नहीं लग सका। रात भर परिजन तलाश करते रहे। इस बीच शनिवार की सुबह किशोरी गांव के पास एक खाली पड़े प्लाट में झाड़ियों के बीच बेहोशी की हालत में मिली। उसके हाथ पैर बंधे हुए थे। होश में आई किशोरी ने बताया कि चार युवक रास्ते में उसे अगवा कर ले गए। झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ सभी ने बारी बारी से दुष्कर्म किया। वह पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और नामजद युवकों के विरुद्ध तहरीर दी। सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही समीर उर्फ इरशाद अली वैदनटोला, मनोज कुमार निवासी बसंतपुर व दो अज्ञात के विरुद्ध गैंगरेप, पाक्सो सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दे रही है।
तमंचा दिखाकर धमकाया
गैंगरेप का आरोप लगाने वाली किशोरी बेहद डरी हुई नजर आ रही थी। उसने पुलिस को बताया कि आरोपियों के पास तमंचा था। उसने विरोध किया लेकिन आरोपियों ने कनपटी पर तमंचा लगाकर उसे धमकाया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा।
पीड़िता की तहरीर पर नामजद युवकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
शिवकुमार चौहान, प्रभारी निरीक्षक