विधानसभा चुनाव से पहले ताजनगरी में प्रतीकों की राजनीति तेज होने वाली है। बीते साल मार्च में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर दिए गए विवादित बयान पर देशभर में प्रदर्शन हुए थे। अब आगरा में सांसद के संजय प्लेस स्थित घर से 200 मीटर दूर राणा सांगा की प्रतिमा लगाने की तैयारी है।
बीते साल 25 मार्च को रामजीलाल सुमन ने संसद में राणा सांगा पर विवादित बयान दिया था। इसके बाद क्षत्रिय समाज ने देशभर में सांसद के खिलाफ प्रदर्शन किया था। आगरा में सपा सांसद के घर के बाहर करणी सेना के पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा किया था। यह मामला काफी दिनों तक चर्चा में रहा था। अब फिर इस मामले को हवा मिलने वाली है।
संस्कृति विभाग ने विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह की पैरवी पर 20 लाख रुपये से राणा सांगा की प्रतिमा का निर्माण शुरू कराया है। प्रतिमा शहीद स्मारक पर लगाने की योजना है। शहीद स्मारक के आसपास दो स्थल देखे गए हैं। इनमें एक सपा सांसद सुमन के घर के सामने है। लखनऊ में 18 टन वजनी और 18.5 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा बनाई जा रही है। अगले माह प्रतिमा आगरा आ सकती है।
महर्षि परशुराम और निषादराज गुह की प्रतिमाएं भी लगेंगी
संस्कृति विभाग ने एत्मादपुर के विधायक डाॅ. धर्मपाल सिंह के पत्र के बाद रामनगर खंदौली के लाल मंदिर में महर्षि परशुराम और रहनकलां में निषादराज गुह की प्रतिमाओं की स्थापना को मंजूरी दे दी है। दोनों प्रतिमाओं पर 6-6 लाख रुपये खर्च होंगे। दो कांस्य प्रतिमाएं छह-छह फीट ऊंची होंगी। महर्षि परशुराम की प्रतिमा गुरुग्राम में तैयार कराई जाएगी। ग्रेटर आगरा के पास रहनकलां में निषादराज गुह की प्रतिमा के लिए जगह का चुनाव बाकी है।
विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह का कहना है कि लखनऊ में राणा सांगा की प्रतिमा का निर्माण चल रहा है। प्रतिमा आने से पहले आधार तैयार कराया जाएगा। लोगों की सहमति से शहीद स्मारक के पास स्थान चिह्नित किया गया है। महर्षि परशुराम और निषादराज गुह की प्रतिमाओं के लिए भी बजट स्वीकृत हो गया है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि रामनगर खंदौली के लाल मंदिर में महर्षि परशुराम की छह फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा लगाने की मंजूरी मिल गई है। यहां पर्यटन विभाग अन्य कार्य भी करा रहा है। निषादराज गुह की प्रतिमा के लिए भी बजट भी मंजूर हो गया है।