मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र केे गांव राधानगर में सोमवार की रात एक महिला ने अपने मकान में फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। जानकारी होने पर मायके के लोग ससुराल पहुंच गए।
थाना कोतवाली के गांव राधानगर निवासी मेघनाथ सिंह की शादी छह साल पहले पूनम (25 ) पुत्री राजेश कुमार के साथ हुई थी। मेघनाथ मजदूरी के साथ ही खेती भी करता है। पूनम के तीन साल का पुत्र कमल है। जानकारी के अनुसार दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सोमवार की देर शाम परिवार के लोग खाना खाकर अपने कमरे में चले गए। पूनम भी अपने कमरे में चली गई। उसने कमरे का दरवाजा बंद करके फांसी लगा ली। जब पूनम काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो मेघनाथ उसको देखने कमरे में गया। कमरे में पूनम का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था। मेघनाथ ने पूनम के पिता सहित पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद राजेश भी अपने परिवार वालों के साथ राधानगर पहुंच गए। गांव पहुंची पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में किसी ने कोई तहरीर थाने में नहीं दी है।