राम मंदिर में किया गया भगवान श्रीराम का अभिषेक
- फोटो : अमर उजाला
रामनवमी पर भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में लॉकडाउन के कारण प्रमुख मंदिरों के पट बंद हैं। ऐसे में भक्तों ने भगवान के दर्शन ऑनलाइन किए। कुछ मंदिरों ने रामनवमी पूजन का लाइव प्रसारण किया। इसके बाद लोगों ने घरों में विधि-विधान के साथ भगवान की आराधना की। देहात क्षेत्रों में कन्याओं को भोज कराया गया।
शहर के भगवान श्री दीर्घ विष्णु मंदिर में सेवायतों ने भगवान का महापंचामृत अभिषेक बृहस्पतिवार प्रात: 8 बजे किया। इसका सीधा प्रसारण फेसबुक एवं यू-ट्यूब पर किया गया। मंदिर के सेवायत महंत कांतानाथ चतुर्वेदी ने बताया कि कोरोना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने भक्तों से घर पर ही रहने की अपील की है।
शहर के घिया मंडी क्षेत्र में स्थित श्रीराम मंदिर में सेवायतों ने विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम का अभिषेक किया। लॉकडाउन के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं दिया गया। उधर, गोपालपुरा स्थित देवी मंदिर में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु उमड़े पड़े। सूचना मिलने पर वहां पुलिस पहुंच गई।
इसके बाद सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए श्रद्धालुओं को एक-एक कर मंदिर में प्रवेश दिया गया। देहात क्षेत्रों में नवरात्रि का व्रत रहने वालों ने कन्याओं को भोज कराया, जबकि शहर में कन्याएं न मिल पाने के कारण महिलाओं ने गरीब और जरूरतमंदों को प्रसाद बांटा।