आगरा के जीआईसी मैदान में आजाद समाज पार्टी की संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी है। इस दाैरान सांसद चंद्रशेखर ने मंच से प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने रविवार को पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ रैली को संबोधित किया। इस दौरान वह प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुई घटना पर उनके समर्थन में खड़े नजर आए। उन्होंने सरकार से माफी मांगने की मांग की।
विज्ञापन
चंद्रशेखर ने कहा कि हम जानते हैं कि शंकराचार्य वर्ण व्यवस्था में विश्वास रखते हैं। बाबा साहब आंबेडकर के बारे में गलत टिप्पणी कर चुके हैं लेकिन फिर भी हम उनके साथ हुई घटना की निंदा करते हैं। सरकार को उनसे माफी मांगनी चाहिए। रैली में आगरा, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद सहित आधा दर्जन जिलों से हजारों कार्यकर्ता पहुंचे। युवा कार्यकर्ता गले में नीला पटका पहने, हाथ में नीला झंडा लिए जय भीम-जय भीम के नारे लगाते नजर आए।
सुबह 10 बजे से जीआईसी मैदान में युवाओं का जुटना शुरू हुआ। करीब 2:15 बजे चंद्रशेखर आजाद मंच पर पहुंचे। मंच से उन्होंने कहा कि यूजीसी के नए नियमों से सरकार ने अगर कदम वापस खींचे तो बहुजन समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब है। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। दलित, पिछड़ों पर अत्याचार हो रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 में प्रदेश में बहुजनों की सरकार बनेगी। चिकित्सा, सुरक्षा, रोजगार और शिक्षा सबके लिए सुलभ होगी। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर की जनसभा पहले रामलीला मैदान में प्रस्तावित थी लेकिन पुलिस-प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण सभा जीआईसी मैदान पर आयोजित की गई।
जनसभा में भिड़े कार्यकर्ता, फैली अव्यवस्था
चंद्रशेखर की जनसभा अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। सभा में कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। सुरक्षा के लिए सीमित पुलिस फोर्स था। पार्टी के वॉलंटियर सभा में पहुंचे युवाओं को संभालने में नाकाम रहे। अव्यवस्थाओं के कारण मंच से प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ को बार-बार सभा में आए लोगों को समझाना पड़ा। अनुशासित रहने की अपील करनी पड़ी।