मैनपुरी। रक्षाबंधन पर परिवहन विभाग यात्रियों को बेहतर सुविधा देगा। भाई की कलाई पर राखी बांधने जाने वाली बहिनों की परेशानी को देखते हुए रोडवेज ने प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। रक्षाबंधन के दिन विभागीय अधिकारी बसों के संचालन पर निगाह रखेंगे।
रक्षाबंधन पर यात्रियों को परेशानी से बचाने तथा बेहतर सुविधाएं देने के लिए रोडवेज ने योजना बना ली है। रक्षाबंधन के दिन महिलाओं की अधिक संख्या को देखते हुए रोडवेज ने प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाने केे निर्देश दिए हैं। सुबह से रात तक बसों का संचालन सही तरीके से हो और यात्रियों को भटकना नहीं पड़े इसके लिए विभागीय अधिकारी बसों की संचालन व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री पहले ही रक्षाबंधन के दिन रोडवेज बसों में महिलाओं को निशुल्क यात्रा का तोहफा दे चुके हैं।
इन मार्गों पर बढ़ेंगे बसों के फेरे
मैनपुरी। रक्षाबंधन के दिन बहिनों सहित यात्रियों को सहूलियत देने केे लिए बसों के फेरे बढ़ाने के लिए मार्ग चिन्हित किए गए हैं। मैनपुरी से फर्रुखाबाद, आगरा, इटावा मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। दिल्ली मार्ग पर एटा होकर जाने वाली बसों का हर 45 मिनट बाद संचालन किया जाएगा।
75 बसों का है बेडा
मैनपुरी। मैनपुरी डिपो में 75 बसों का बेड़ा है। 73 रोडवेज की तथा दो बसें अनुबंधित है। एक बस का यमुना एक्सप्रेस वे होकर दिल्ली के लिए संचालन किया जा रहा है। बेवर डिपो में भी आगरा, फर्रुखाबाद, इटावा मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
रक्षाबंधन पर प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। महिलाओं को पूरे दिन निशुल्क यात्रा कराई जाएगी। बसों के संचालन का विभागीय अधिकारी पूरे दिन निरीक्षण करेंगे।
संजीव कुमार, एआरएम