रक्षाबंधन के अवसर आगरा के मिठाई विक्रेताओं के लिए राहत की खबर है। रक्षाबंधन के लिए प्रशासन ने रविवार के लॉकडाउन में छूट देते हुए मिठाई और राखी की दुकानें खोलने की अनुमति दे दी है। इसके चलते सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक दुकानें खुलेंगी। दोपहर 12 बजे से दुकानदार बिक्री कर सकेंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने पहले शनिवार शाम को निर्देश जारी किए। इसके बाद रात में इनको संशोधित किया। पहले कहा था कि मिठाई बनाने और स्टॉक करने के लिए दुकानें खोलने की अनुमति होगी, बिक्री के लिए नहीं।
शनिवार की रात 11 बजे जिलाधिकारी ने संशोधित आदेश जारी करते हुए कहा कि रविवार को सिर्फ मिठाई व राखी दुकानें खोलने की अनुमति होगी। इस आदेश के बाद सुबह नौ बजे से मिठाई और राखी की दुकानें खुल गई हैं।
मिठाई विक्रेताओं को कुछ राहत
भगत हलवाई के संचालक शिशिर भगत ने कहा कि रविवार को बिक्री की अनुमति मिलने से राहत मिली है। अब सोमवार सुबह दुकानों पर बहुत भीड़ नहीं होगी।
खुली मिलीं दो दुकानें, अब तीन दिन रहेंगी बंद
लॉकडाउन के दौरान शनिवार को एसडीएम सुमित सिंह और सीओ अछनेरा वीएस वीरकुमार को कस्बे में एक हलवाई और एक परचून की दुकान खुली मिली। हलवाई की दुकान पर जुर्माना लगाते हुए एसडीएम ने दोनों दुकानों को तीन दिन तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
बगैर मास्क मिले दो मेडिकल स्टोर संचालक, एक डेयरी संचालक और बाइक सवारों से पुलिस ने 17500 रुपये जुर्माना भी वसूल किया। नायब तहसीलदार सत्यप्रकाश और चौकी इंचार्ज संजीव कुमार भी दिनभर चेकिंग में लगे रहे।
लॉकडाउन के चलते शनिवार को बाह, जैतपुर, बटेश्वर, जरार, शाहपुर ब्राह्ममण, चित्राहाट, नंदगवां, बासौनी, हरलालपुरा के बाजार बंद रहे। रक्षाबंधन पर हलवाइयों का घेर और जनरल स्टोर वालों में सिवइयों और राखियों का स्टॉक रखा रह गया। मायूस हुए विक्रेता बोले कि इस बार लागत भी निकलना मुश्किल हो गया है।