आश्रय सदन की महिलाएं प्रधानमंत्री के लिए राखी तैयार करतीं हुईं
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन की विधवा माताओं ने देश के प्रधानमंत्री के लिए 500 राखियां बनाई हैं। श्याम कुटी क्षेत्र स्थित मां शारदा महिला आश्रय सदन की तीन महिलाएं बुधवार की सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो रही हैं। यह महिलाएं प्रधानमंत्री को राखी बांधने के साथ ही मिठाई में मथुरा का पेड़ा खिलाएंगी।
मां शारदा महिला आश्रय सदन में निवासरत 39 विधवा माताएं पिछले सात दिनों से रक्षाबंधन पर्व की तैयारियों में लगी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए उनके फोटो वाली 500 राखियां बनाई है। इन राखियों एवं मिठाई को लेकर सुलभ इंटरनेशनल संस्था के सहयोग से वह दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय जा रही हैं।
आश्रम की अधीक्षक दीपिका चौधरी व सुलभ संस्था हेल्प लाइन प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आश्रम से तीन माताएं ऊषा दासी, प्रमिला विश्वास एवं सुखमाली बुधवार प्रात: दिल्ली निकल रही हैं। वह तीनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कलाई पर राखी बांधेगीं। यह कार्यक्रम सुलभ इंटरनेशनल द्वारा किया जा रहा है।