आगरा। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को अनजान नंबरों से जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने मामले की शिकायत डीजीपी राजीव कृष्ण से की थी। इसके बाद थाना हरीपर्वत में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।
राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने बताया कि कुछ समय से उन्हें मोबाइल पर कॉल और संदेश के जरिए धमकियां मिल रही थीं। 5 मार्च को एक नंबर से मोबाइल पर संदेश भेजे गए। संदेश में पिछड़ों और मजबूरों की आवाज उठाने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस नंबर से पहले भी कॉल और संदेश भेजकर धमकाया जा चुका है। वह किसी धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने धमकी देने वाले की वाट्सएप डीपी और संदेश का स्क्रीनशॉट लेकर डीजीपी को शिकायत भेजी थी। थाना प्रभारी हरीपर्वत ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मोबाइल नंबर के धारक के बारे में पता लगाया जा रहा है।