मथुरा दो सराफा कारोबारियों की हत्या और लूटकांड को लेकर गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले होलीगेट पर भूख हड़ताल पर बैठे मेघ अग्रवाल के परिवार से मुलाकात की। इसके बाद वे विकास अग्रवाल के घर भी गए। प्रेस कांफ्रेस में राजबब्बर ने कहा कि मथुरा की घटना में यूपी में कानून व्यवस्था की कलई खोल दी है। सीएम योगी यदि प्रदेश को नहीं संभाल पा रहे हैं तो किसी अन्य को यह जिम्मेदारी निभाने दें।
बता दें कि दो दिन में भी हत्या और लूटकांड का खुलासा न होने से नाराज मृत सराफ मेघ अग्रवाल का परिवार गुरुवार को सुबह से ही मथुरा में होलीगेट पर भूख हड़ताल पर बैठ गया। ऐसे में सुबह ही मथुरा पहुंचे राजबब्बर पहले होलीगेट पर पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी।
इसके बाद मृत सराफ विकास अग्रवाल के यहां पहुंचकर राजबब्बर ने उन्हें ढांढस बंधाया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि होलीगेट जैसे व्यस्ततम बाजार में आठ से अधिक बदमाशों ने बेखौफ अंदाज में दो सराफा कारोबारियों की हत्या करके 4 करोड़ का सोना लूट लिया है। यह घटना प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था की कहानी बयां कर रही है।
स्थानीय होटल में उन्होंने कहा कि दो माह में सिर्फ ब्रज प्रदेश में ही सौ से अधिक लूट और लगभग 70 हत्याएं हो चुकी हैं। दोनों कारोबारियों के परिजन सदमे में हैं। उनकी संवेदनाएं परिजनों के साथ हैं। शासन को मुआवजा देने के साथ ही घायल कारोबारियों के उपचार का खर्चा उठाना चाहिए।
खराब कानून व्यवस्था पर सीएम योगी कह रहे हैं कि यह उन्हें विरासत में मिली है। यदि वह प्रदेश को नहीं संभाल पा रहे हैं तो किसी अन्य को यह जिम्मेदारी निभाने दें। कहा कि वह यहां राजनीति करने नहीं आए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यामिनी रमण आचार्य ने कहा कि इस घटना के बाद शहर में दहशत है। पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।