10एमएनपी-20-राजा के ताल पर किया गया कब्जा
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। ऐतिहासिक राजा के ताल पर हो रहे अवैध कब्जों का संज्ञान जिलाधिकारी ने लिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही प्रशासन माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर सकता है।
किला के पास स्थित राजा का ताल कभी मैनपुरी की पहचान हुआ करता था। बदलते वक्त के साथ इस तालाब पर भू माफियाओं की नजर पड़ गई। इसके बाद तालाब में भराव करके अवैध निर्माण होने लगे। वर्तमान में तालाब के बड़े हिस्से पर अवैध रूप से निर्माण हो चुके हैं। लगातार स्थानीय लोग जिला प्रशासन से तालाब से अवैध कब्जा हटवाकर इसके सौंदर्यीकरण की मांग उठा चुके हैं। पूर्व में भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही शासन स्तर पर शिकायतें की जा चुकी हैं।
हाल ही में इस मामले में जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह से शिकायत की गई है। इसके साथ ही लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन भी शिकायत कर्ताओं को दिया है।
चारों ओर बन रहे हैं मकान
प्रशासन की अनदेखी के कारण ही करीब तीन किलोमीटर परिधि में फैले राजा के ताल किनारे कब्जे होते जा रहे हैं। लोगों ने मिट्टी का भराव करके यहां पक्के मकान बनवा लिए हैं।
बन सकता है पिकनिक स्पॉट
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि राजा का ताल ऐतिहासिक ताल है। प्रशासन चाहे तो तालाब को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित कर सकता है। भूगर्भ जलस्तर को बढ़ाने का काम भी यह तालाब करता है। तालाब पर अतिक्रमण होने से भूगर्भ जलस्तर पर भी भविष्य में असर पड़ेगा।