सोमवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। रविवार रात से छाए बादल सोमवार की अलसुबह तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बरसे तो लोगों को राहत की उम्मीद बंधी। 1.4 मिमी बारिश के बाद सुबह 8 बजे तक घने बादल छाए रहे तो लोगों को लगा कि बीते सप्ताह की तरह मौसम खुशनुमा ही रहेगा, लेकिन दोपहर में मौसम फिर पुराने तेवर में नजर आया। तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री पर और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री पर रहा।
सुबह तेज 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और आधे घंटे बूंदाबांदी ने राहत दी। दोपहर में तेज चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान करती रही तो शाम को फिर बादल छाए और हवा चली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक मंगलवार को दोपहर गर्म रहेगी, लेकिन शाम तक आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं। गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।