मैनपुरी। जिले में बुधवार की सुबह से शुरू हुई रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इससे पारा नौ डिग्री सेल्सियस कम हो गया। इस दौरान कुछ लोग बारिश में भीगते नजर आए।
सोमवार से आसमान में छाए बादलों ने गर्मी से राहत दिला दी थी। अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस गिरकर 38 डिग्री सेल्स्यि पहुंच गया था, लेकिन बुधवार को तापमान में गिरावट आई। बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। पूर्वाह्न 11 बजे रिमझिम बारिश शुरू हुई तो तीन बजे तक जारी रही।
चार घंटे हुए रिमझिम बारिश ने गर्मी के तेवर फीके कर दिए। तापमान सीधे नौ डिग्री सेल्सियस गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान की अगर बात करें तो वह भी घटकर 22 डिग्री पर पहुंच गया।
मंडी में किसानों के लिए आफत बनी बारिश
किसानों के लिए बारिश मुसीबत बन गई। बारिश शुरू हुई तो मंडी में बिक्री के लिए किसानों द्वारा लाई गई गेहूं और मक्का की फसल खुली हुई पड़ी थी। संसाधनों के अभाव में फसल को ढका नहीं जा सका। इससे फसल भीग गई। बिक्री के दौरान इससे कीमत भी प्रभावित हुई।