लू के थपेड़ों से गुरुवार शाम को राहत मिल गई। पांच बजे के बाद मौसम का मिजाज बदल गया और छह बजे के बाद तेज हवाएं चलने लगीं। सिकंदरा की ओर बूंदाबांदी हुई। एमजी रोड, माल रोड और ताजगंज में अच्छी बारिश हुई। शुक्रवार को भी शाम तक तेज आंधी आने और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।
गुरुवार दोपहर को तेज धूप रही और पारा 42.3 डिग्री के पार पहुंच गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर 27.9 डिग्री दर्ज किया गया। शाम को जब मौसम बदला तो करीब 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आई और उसके बाद बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट ही बारिश रही, लेकिन लोगों को राहत दे गई। एमजी रोड पर बारिश इतनी तेज रही कि लोगों को पेड़ और बस स्टॉप के नीचे रुकना पड़ गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिनों में लू के थपेड़ों से राहत मिलेगी और तापमान में गिरावट हो सकती है।
जगनेर में आंधी से गिरी दीवार
देहात में आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। जगनेर के गांव मेवली में गुरुवार शाम को आई आंधी से एक मकान की छत पर बनी दीवार गिर गई। इसमें भीमसेन की पत्नी और बच्चे बाल-बाल बच गए। भीमसेन ने बताया कि मकान की छत के ऊपर चार फीट की दीवार थी। वहीं नौनी में बिजली का खंभा गिर गया। गांव में बूंदाबांदी के साथ ओले भी पड़े। खेरागढ़, बाह, पिनाहट, अकोला, कागारौल, सैंया में भी आंधी के बाद बूंदाबांदी हुई।