शनिवार को लॉकडाउन के दौरान हुई बारिश के बीच निकलती स्कूटी सवार युवतियां
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। उमस भरी गर्मी एवं चिलचिलाती धूप से शनिवार को दोपहर बाद उस समय राहत मिली जब तेज हवा के साथ बारिश होना शुरू हो गई। बारिश ने किसानों को काफी राहत प्रदान की है।
जून की शुरूआत के साथ ही गर्मी के तेवर काफी तीखे हो गए हैं। दिन में चिलचिलाती धूप और रात्रि में उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल था, लेकिन शनिवार को दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदल ली। दोपहर बाद पश्चिम दिशा की ओर से घिरी घटाएं तेज हवा के साथ बरसने लगीं तो हर किसी ने राहत महसूस की। बारिश से किसानों को भी राहत मिली है। उनके खेतों में चिलचिलाती धूप के कारण सूख रही फसल को बारिश से राहत मिली है। हवाओं का क्रम शाम तक चलता रहा। जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह ने कहा कि हल्की-फुल्की बारिश तो किसानों के लिए लाभदायक है। इससे किसानों को कोई हानि नहीं पहुंचेगी।
बूंदाबांदी से गर्मी से मिली राहत
टूंडला। शनिवार को काफी दिनों की तपिश के बाद हल्की बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया। बदले मौसम का लोगों ने आनंद लिया।
काफी दिनों से प्रचंड गर्मी के प्रकोप से लोगों का हाल-बेहाल बना हुआ था। एक तरफ जहां तेज धूप के कारण लोगों का हाल-बेहाल बना हुआ था तो वहीं अघोषित विद्युत कटौती के चलते लोगों को घरों में भी चेन नहीं मिल रहा। शनिवार को अचानक दोपहर बाद मौसम में परिवर्तन आ गया। हल्की ठंडी हवाओं के साथ ही बूंदा-बांदी शुरु हो गई। बूंदाबांदी शुरु होने के साथ मौसम खुशनुमा हो गया। संवाद