कासगंज। रेल कर्मियों को पर्व पर स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा तोहफा मिला है। मथुरा के एक निजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का अनुबंध कर कासगंज क्षेत्र के रेल कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात दी है। रेलवे के इस निर्णय से रेलकर्मचारियों में खुशी की लहर है।
इज्जतनगर मंडल में रेल कर्मियों को विभाग की ओर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नरमू संगठन के कार्यकर्ता निरंतर प्रयासरत थे। रेलवे मुख्यालय गोरखपुर के चिकित्साधीक्षक ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए लेखा विभाग की वित्तीय सहमति ली और इज्जतनगर मंडल के रेल कर्मियों को सहूलियत देते हुए मथुरा के नयति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल को अनुबंधित कर लिया है। रेलवे के इस निर्णय का रेलकर्मचारियों ने स्वागत किया है। कर्मचारियों ने खुशी जताई है।
बैठक कर पदाधिकारियों ने जताई खुशी
कासगंज। राष्ट्रीय रेल मजदूर यूनियन की बैठक कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आयोजित हुई। बैठक में रेल कर्मियों ने खुशी जाहिर की। मंडल उपाध्यक्ष संतोष मिश्रा ने कहा कि संगठन के प्रयास से रेलवे ने एक बड़ी सहूलियत दी है। संगठन इसका स्वागत करता है। आनंद राठौर, राजकुमार गुप्ता, अनुज वार्ष्र्णेय, दानिश अहमद, राकेश सिंह, धीरज मीणा, गणेश शंकर, जौनी, फकरे आलम, दिलीप सिंह, सुनील कुमार, कप्तान सिंह आदि मौजूद रहे।
आंकड़े की नजर से-
- 1 अक्तूबर से अनुबंध को लेखा विभाग ने दी सहमति।
- 15 अक्तूबर को चिकित्सा निदेशक ने जारी किया पत्र।
- 30 अक्तूबर 2021 तक रहेगा अनुबंध।
- रेल कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए चिकित्सा निदेशक ने यह निर्णय लिया है। अनुबंध से संबंधित पत्र अनुबंधित अस्पताल को भेजा गया है। राजेंद्र सिंह, पीआरओ।