टूंडला। टूंडला रेलवे स्टेशन के किसी भी प्लेटफार्म पर आज तक कोच लोकेटर नहीं लग सके हैं। इसके चलते रेल यात्रियों के कोच ढूंढ़ने तक ट्रेन चल पड़ती है, भारी लगेज लेकर चलने वालों की ट्रेन छूट जाती हैं।
टूंडला रेलवे स्टेशन प्रयागराज मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में से एक है। यहां से आगरा, मथुरा, एटा, फिरोजाबाद के रेलयात्री आते हैं। रेल प्रशासन की अनदेखी के चलते यहां किसी भी प्लेटफार्म पर अभी तक कोच लोकेटर (इंडीकेटर) नहीं लगवाए गए हैं। कोच लोकेटर न होने के कारण बुजुर्ग और जिन यात्रियों के पास ज्यादा सामान होता है उन्हें सबसे ज्यादा समस्या होती है।
जब तक वह कोच तक पहुंचता है ट्रेन चल पड़ती है। इस मामले में नगर की सामाजिक संस्थाओं ने कई बार रेल उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत की है, किंतु समाधान नहीं हुआ है।
टूंडला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के डॉ. संजीव जैन, हेमंत उपाध्याय, सुरेंद्र सिंह, बसंत जैन ने मंडल रेल प्रबंधक अभिताम कुुमार से कोच लोकेटर लगवाए जाने की मांग की है।
जोधपुर-हावड़ा के रेलयात्रा सपनदास गुप्ता, सत्यवर्त चक्रवती निवासी कोलकाता ने बताया कि उनके साथ पूरा परिवार था। कुली से पूछने पर बताया कि उनका कोच पीछे आएगा लेकिन ट्रेन आई तो पता चला कि कोच आगे है। जब तक वो वहां पहुंच पाते ट्रेन चल पड़ी। गोमती एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे आगरा बल्केश्वर निवासी प्रवीन गोयल ने बताया कि उनका डी-3 में रिजर्वेशन था जब तक चला उसका कोच कहां आएगा ट्रेन चल पड़ी।
स्टेशन पर कोच लोकेटर का मामला प्रपोजल में है। अभी यह कहना तो मुश्किल है, कि कब तक लगेंगे, किंतु यात्रियों की सुविधा के लिए यह जरूरी है, जल्द ही लगेंगे।
अमर सिंह , स्टेशन अधीक्षक