रेलवे स्टेशनों पर एक स्टेशन, एक उत्पाद योजना को विस्तार दिया गया है। इसके तहत आगरा रेल मंडल के अधिकांश स्टेशनों पर स्टाल दिखेंगे, जिसमें मार्बल हस्तशिल्प के अलावा किरावली के पेड़े और धौलपुर के दुग्ध उत्पाद भी मिलेंगे।
एक स्टेशन, एक उत्पाद योजना में रेलवे ने नए स्टेशनों को शामिल किया है। आगरा कैंट के बाद अब राजा की मंडी स्टेशन पर भी मार्बल हस्तशिल्प के उत्पाद खरीद सकेंगे तो ईदगाह पर आर्टिफिशियल ज्वैलरी के स्टाल लगाए जाएंगे।
विज्ञापन
रेलवे ने एक स्टेशन एक उत्पाद योजना को विस्तार दिया है। इसकी शुरुआत मार्च में आगरा कैंट स्टेशन पर मार्बल उत्पादों की बिक्री से की गई थी। आगरा मंडल की डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि योजना में अब यमुना ब्रिज पर चमड़े के उत्पाद, फतेहपुर सीकरी में नान खटाई, कोसीकलां में दुग्ध व दुग्ध उत्पाद, डीग में मोतीकंद, भूतेश्वर पर पोशाक व पूजन सामग्री, सरमथुरा में दुग्ध उत्पाद, अछनेरा में जूट मैट, पत्थर की मूर्ति, किरावली में पेड़ा, धौलपुर में दुग्ध उत्पाद, खेड़ली का अचार भी खरीद सकेंगे।
आवंटित किए जा रहे स्टाल
इसके लिए विक्रेताओं को एक हजार रुपये की धनराशि जमा करके 15 दिन के लिए स्टाल आवंटित किए जा रहे हैं। डीसीएम ने बताया कि अभी तक आगरा कैंट, मथुरा आदि स्टेशनों पर लगाए गए स्टालों पर अच्छी खरीददारी हुई है। इससे रेलवे ने इस योजना को विस्तार दिया है। अब छोटे स्टेशनों पर भी खाद्य व उस क्षेत्र के खास व्यंजन और उत्पादों का विक्रय किया जाएगा।