कोसीकलां (मथुरा)। यात्रियों से गुलजार रहने वाला कोसीकलां रेलवे स्टेशन पर फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है। न तो सवारी गाड़ियां आ जा रही हैं और न ही कोई यात्री पहुंच रहा है। यहां से गुजरने वाली मालगाड़ियों की गड़गड़ाहट इस सन्नाटे को चीरती है।
लॉकडाउन को लगभग 45 दिन हो गए हैं। प्रतिदिन एक या दो मालगाड़ी इस स्टेशन से गुजर रही है, लेकिन ट्रनों के प्रेशर हार्न और प्लेटफार्म पर ट्रेन के पहुंचने के पूर्व ही शुरू होने वाला चाय-चाय, समोसे गरम आदि के शोर सुनाई नहीं दे रहे हैं। प्लेटफार्म पर लगीं कुर्सियां सूनी पड़ी हैं। खान-पान के सामानों की दुकाने भी बंद हैं। प्लेटफार्म पर सिर्फ रेलवे के अधिकारियों व कुछ कर्मियों के साथ ही साफ-सफाई वाले कर्मचारी व सुपरवाइजर ही मौजूद थे। पूरा प्लेटफार्म सफाई के चलते चमकता नजर आ रहा था।