कैंट स्टेशन पर सोलर पैनल एलईडी लाइट्स लगेंगी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
उत्तर मध्य रेलवे के नवागत महाप्रबंधक एमसी चौहान ने रविवार को आगरा-मथुरा सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। आगरा कैंट स्टेशन पर एलईडी लाइटें और छत पर सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। स्टेशन की सेकेंड एंट्री पर प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। तकरीबन 15 मिनट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की समेकित सुरक्षा प्रणाली, सफाई व्यवस्था को भी देखा। सफाई ठीक नहीं होने पर नाराजगी जताई।
वह दोपहर को स्पेशल ट्रेन से मथुरा पहुंचे। यहां वेटिंग रूम, शौचालय, पेयजल सुविधा, कमसम रेस्टोरेंट में खानपान व्यवस्था को देखा। यात्रियों से साफ-सफाई और सुविधाओं का फीडबैक लिया। दोपहर तकरीबन दो बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे। यहां रेस्ट रूम, क्रू लॉबी में क्रू नियंत्रक और लोको पायलटों से बात की। उन्होंने लॉबी में लगे ज्ञान सागर क्विज साफ्टवेयर को देखा। कैंट स्टेशन की समेकित सुरक्षा प्रणाली के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इसे पूरी तरह प्रभावी बनाने को कहा। कैंट स्टेशन पर आवारा पशुओं को घूमते देखकर नाराजगी जताई। इस दौरान डीआरएम प्रभाष कुमार, डीसीएम नीरज भटनागर आदि मौजूद रहे।