फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रैक पर दौड़ी अटल के सपनों की रेल

Fri, 25 Dec 2015 02:52 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला आगरा।
विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा-इटावा (भांडई-उदी) नवनिर्मित रेललाइन पर गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों की बहुप्रतीक्षित रेल दौड़ी। बटेश्वर हाल्ट पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा और केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने आगरा-इटावा डेमू पैसेंजर गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर इटावा के लिए रवाना किया। रेल राज्यमंत्री ने कहा कि इस गाड़ी के चलने से बीहड़ में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। इस ट्रैक पर जल्द ही चार एक्सप्रेस ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
विज्ञापन

आगरा-इटावा रेल लाइन परियोजना का पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छह अप्रैल 1999 को बटेश्वर में शिलान्यास किया था। बटेश्वर अटल जी की जन्मस्थली है। उत्तर मध्य रेलवे की परियोजना में 112.71 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन पर छह माह से मालगाड़ी चलाई जा रही थी। बीहड़ से होकर गुजरने वाली लाइन पर आगरा की ओर से पहला स्टेशन भांडई और अंतिम स्टेशन इटावा का उदी है। इस ट्रैक के निर्माण पर 440 करोड़ की लागत आई है।
बटेश्वर हाल्ट पर हुए समारोह में मनोज सिन्हा ने कहा कि आगरा-इटावा वाया बटेश्वर होकर जाने वाली डेमू सवारी गाड़ी बीहड़ में बसे गांवों के लोगों के आवागमन को सुगम करेगी। आगरा और इटावा के दैनिक यात्रियों को भी सुविधा होगी। निकट भविष्य में इस ट्रैक पर इलाहाबाद-जयपुर, कोटा-पटना, जोधपुर-हावड़ा और उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस चलाई जाएंगी। डा. कठेरिया ने इसे अटलजी के सपनों की रेल बताते हुए कहा कि इसके संचालन से फतेहाबाद, शमसाबाद से लेकर बाह और इटावा तक के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सांसद चौधरी बाबूलाल ने इस इलाके में रेलवे की जमीन पर केंद्रीय विद्यालय खोलने और फतेहपुर सीकरी स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई। भिंड के सांसद भागीरथ प्रसाद ने इसे बीहड़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह में पूर्व सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल व प्रभुदयाल कठेरिया, विधायक जगन प्रसाद गर्ग व योगेंद्र उपाध्याय, बेबीरानी मौर्य, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अरुण सक्सेना, पीआरओ भूपिंदर ढिल्लन, पीआरई मनोज कुमार, अपर महाप्रबंधक वाईपी सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक प्रभाष कुमार ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें