सीसीटीवी में कैद साइरन लगी कार और दरवाजा खटखटाता युवक। स्रोत वीडियोग्रैब
- फोटो : सीसीटीवी में कैद साइरन लगी कार और दरवाजा खटखटाता युवक। स्रोत वीडियोग्रैब
मैनपुरी। नगला दौलत में मंगलवार की रात कुछ लोग फर्जी एसओजी टीम बनकर एक घर पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाकर किराएदार को धमकाया। मकान मालिक को फोन पर धमकी दी। इस घटना के बाद दहशत में आए पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला दौलत के रहने वाले जय गोपाल ने बताया कि मंंगलवार रात वह घर पर थे। देर रात घर पर एक बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी आई, जिस पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा हुआ था। उस गाड़ी से एक व्यक्ति उतरा और दरवाजा खुलवाने लगा। किराएदार से कहा कि वह एसओजी टीम से हैं। किराएदार से उसका आधार कार्ड मांगने लगे। वह लोग गाली गलौज करते हुए मकान मालिक को बुलाते हैं। सायरन लगी हुई गाड़ी में ज्योति तिराहे के रहने वाले एक आरोपी व अन्य कुछ लोग भी बैठे हुए थे। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है।
आरोपी उन्हें अब फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहे है। सायरन लगी गाड़ी में सवार आरोपियों के धमकी देने से वह दहशत में आ गए और पुलिस को बुलाया। वह घटना के बाद से दहशत में हैं। सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वह खुद मौके पर जांच करने गए हैं। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।