फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काले कारोबार का खुलासा: आयकर टीम को कारोबारियों के ठिकानों पर लगाने पड़े बिस्तर, 14 जगह पर मारा एक साथ छापा

Mon, 20 May 2024 10:28 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा में जूता कारोबारियों पर छापे में 100 करोड़ की जब्ती का अनुमान है। 30 घंटे तक 14 ठिकानों पर चली कार्रवाई में मशीनों से 60 करोड़ के नोट गिने जा चुके हैं। नोटों की गिनती जारी है। आगरा के हरमिलाप ट्रेडर्स, मंशु फुटवियर और बीके शूज पर आयकर का छापा पड़ा है।
विज्ञापन
raid on shoe traders in agra - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आयकर विभाग की टीम ने आगरा में तीन जूता कारोबारियों के 14 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। शनिवार देर रात बरामद हुए नोट मशीन से गिने गए। ऐसे में टेंट से गद्दे मंगाने पड़े। रात में आयकर टीम ने कारोबारियों के ठिकानों पर ही बिस्तर लगाए। रविवार शाम 6 बजे तक 30 घंटे से अधिक समय कार्रवाई हुई।
विज्ञापन


हरमिलाप ट्रेडर्स के रामनाथ डंग, बीके शूज के अशोक मिड्डा और मंशु फुटवियर के हरदीप मिड्डा तीनों रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। टीमों ने कारोबारियों के घर, फैक्टरी, गोदाम व दुकानों पर जांच की। कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल जब्त किए। संपत्तियों में निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं।

30 घंटे तक छापे के दौरान न कोई अंदर आ सका, न कोई बाहर जा सका। आयकर टीम ने एक ही टेंट हाउस से गद्दे मंगाए, जिन्हें ठिकानों पर ही बिछाया गया। टेंट से मंगाए बिस्तर पर ही टीम में शामिल पुलिसकर्मियों और अन्य ने रात गुजारी।
विज्ञापन


सुबह होते ही फिर कार्रवाई शुरू हो गई, जो शाम 6 बजे तक चलती रही। आयकर सूत्रों के अनुसार शाम 6 बजे तक 60 करोड़ रुपये के नोट गिने जा चुके थे। शनिवार रात तक 40 करोड़ रुपये की रकम गिनी गई थी। जब्त की गई राशि करीब 100 करोड़ मानी जा रही है। हालांकि, आयकर अधिकारियों ने जब्त राशि की पुष्टि नहीं की है। न छापे के संबंध में कोई अधिकृत बयान दिया है।
Trending Videos

14 ठिकानों पर मारा एक साथ छापा
आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा ने हरमिलाप ट्रेडर्स, बीके शूज और मंशु फुटवियर के 14 ठिकानों पर एक साथ, पूरी तैयारी से छापा मारा। आलोक नगर स्थित रामनाथ डंग के आवास, कमला नगर स्थित पूर्ति निवास, बृज बिहार, एमजी रोड, पूर्वी विला सूर्य नगर, शंकर ग्रीन, सिकंदरा, हीग की मंडी स्थित श्रीराम मंदिर मार्केट, धाकरान चौराहा पर दिनभर आयकर अधिकारियों की गाड़ियां व पुलिस फोर्स जमा रही।

 

आय से अधिक संपत्ति के दस्तावेज भी मिले
आयकर जांच टीम को जूता कारोबारी हरमिलाप ट्रेडर्स के रामनाथ डंग के घर से आय से अधिक संपत्तियों के अलावा बैनामी संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। जिन्हें टीम ने अपने कब्जे में लिया है। अन्य ठिकानों पर भी टैक्स में हेरफेर के दस्तावेज भी टीम के हाथ लगे हैं। कई दस्तावेजों में ब्याज का हिसाब-किताब भी दर्ज है। ऐसे में माना ज रहा है कि जूता कारोबारी बड़े पैमाने पर ब्याज पर रकम भी बांटता था।

 

पर्चियों से हुआ पर्दाफाश
आगरा में घरेलू जूता कारोबार में नकद का भुगतान पर्चियां से होता है। सात मई को मतदान था। ऐसे में पर्चियां नहीं भुनाई जा सकीं। चुनाव के बाद पर्चियां भुनाए जाने की सूचना और टैक्स में हेराफेरी की शिकायत आयकर अधिकारियों तक पहुंची। जिसके बाद उन्होंने छापा मारा। पर्चियों से टैक्स में हेराफेरी का पर्दाफाश हुआ है।


 

आयकर छापा: टाइम लाइन
शनिवार
दोपहर 12 बजे टीमें पहुंच गई
दोपहर एक बजे से कार्रवाई शुरू
शाम 6 बजे तक तलाशी चली
शाम 7 बजे नोटों की गिनती शुरू
रात 10 बजे तक 30 करोड़ के नोट गिने

 
विज्ञापन

रविवार
सुबह 10 बजे से दोबारा गिनती शुरू
सुबह 11 बजे गिनती के लिए और मशीनें मंगाई
दोपहर 2 बजे तक 40 करोड़ के नोट गिने गए
शाम 5 बजे तक 60 करोड़ के नोट गिने गए
शाम 7 बजे तक अन्य ठिकानों पर गिनती जारी
रात 10 बजे तक टीम ने अन्य दस्तावेज जब्त किए
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें