औषधि विभाग ने नकली दवा मिलने पर दिल्ली की टीम के साथ आगरा के पांच मेडिकल स्टोर पर छापा मारा है। एक मेडिकल स्टोर सील किया है, बाकी को नोटिस देकर बिल तलब किए हैं। औषधि विभाग ने दिल्ली की टीम के साथ फव्वारा स्थित हेमा मेडिकल स्टोर, महावीर ड्रग हाउस, माधव फार्मा, माधव ड्रग हाउस और बंसल मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इनके यहां पर मल्टीविटामिन और कैल्शियम की दवा की जांच की। इसमें हेमा मेडिकल स्टोर, महावीर ड्रग हाउस, बंसल मेडिकल स्टोर और माधव ड्रग हाउस को नोटिस देकर 10 दिन में बिल उपलब्ध कराने को कहा है। औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि माधव फार्मा बंद मिली, इसके संचालक को फोन कर बुलाया लेकिन वह नहीं आया। इस पर इसे सील कर दिया है। दिल्ली में बायो डी थ्री प्लस टैबलेट जांच में नकली मिली थी, बायो डी थ्री फेम सब स्टैंडर्ड मिली थी। ये दवाएं आगरा से खरीदी गई थीं।