मथुरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार को कोसीकलां में अभियान चलाया। इस दौरान विभाग ने कई पनीर डेयरियों पर छापा मारकर नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। वहीं कमियां मिलने पर संचालकों को नोटिस भी दिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के डीओ डॉ. गौरीशंकर के निर्देशन में टीम सबसे पहले गोपाल बाग स्थित नीरज डेयरी पर गई। यहां साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। वहीं टीम ने एक पनीर, दूध व पाम ऑयल का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने जितेंद्र डेयरी से पनीर के साथ दूध का नमूना लिया। खाद्य विभाग ने डेयरी संचालकों को नोटिस देकर जवाब देने के लिए कहा है।
टीम ने अगली कार्रवाई दाऊजी डेयरी पर की। यहां से भी टीम ने पनीर का नमूना लिया। विभाग ने डेयरी मालिक महेश कुमार को उचित साफ-सफाई के निर्देश दिए हैं। डीओ ने बताया कि जनपद में अभियान चलता रहेगा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवराज सिंह, एसएस निरंजन और मुकेश कुमार उपस्थित रहे।