आगरा। स्टार लेग स्पिनर राहुल चाहर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़कर खासे उत्साहित हैं। वह आगरा निवासी हैं। अमर उजाला से फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि धोनी की कप्तानी वाली टीम में वापसी उनके लिए भावनात्मक और पेशेवर दोनों ही लिहाज से खास है।
राहुल ने बताया कि उन्होंने 2017 में पहली बार आईपीएल खेला था। उस समय वह पुणे वॉरियर्स की ओर से मैदान में उतरे थे और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ही थे। उन्हें पहला आईपीएल विकेट ब्रेंडन मैकुलम के रूप में मिला था। एक बार फिर धोनी की टीम से जुड़कर बहुत खुशी हो रही है।
राहुल ने कहा कि वह खुद चाहते थे कि इस बार चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ें। चेपॉक की पिच मेरी गेंदबाजी को काफी सूट करती है। परिवार से जुड़े भावनात्मक पक्ष को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि दीपक भैया (दीपक चाहर) लंबे समय तक सीएसके के साथ रहे हैं, इसलिए हमारे परिवार के लिए सीएसके घर जैसा है।
राहुल ने माना कि धोनी जैसे कप्तान के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना सीखने का बड़ा मौका है। मैच मैनेजमेंट, दबाव में फैसले लेना सीखने को मिलेगा। पिछले सत्र में राहुल चाहर हैदराबाद की टीम का हिस्सा थे।